स्कूल से लौटने के बाद परचून का सामान लेने निकली थी छात्रा, परिजनों ने दो युवकों पर लगाया आरोप
शहाबगंज (चंदौली)।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल से लौटने के बाद परचून का सामान लेने निकली एक नाबालिग छात्रा आरओ प्लांट के अंदर हाथ-पैर बंधी हालत में मिली। प्लांट का दरवाजा बाहर से बंद था। छात्रा के रोने की आवाज सुनाई देने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर छात्रा को बाहर निकाला। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
परिजनों के अनुसार, छात्रा स्कूल से पढ़कर घर लौटने के बाद गांव की दुकान पर परचून का सामान लेने के लिए निकली थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास के स्थानों और गांव में तलाश करने के बाद परिजन आरओ प्लांट की ओर पहुंचे। इसी दौरान प्लांट के अंदर से छात्रा के रोने की आवाज सुनाई दी।
दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बंद दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार, छात्रा अंदर हाथ-पैर बंधी अवस्था में मिली। पुलिस ने उसे तत्काल मुक्त कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
छात्रा के परिजनों ने आरओ प्लांट संचालित करने वाले दो लोगों पर छात्रा को पकड़कर प्लांट के अंदर बंधक बनाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। मामले में परिजनों ने दोनों के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के बयान समेत घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आरोपों की भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीण भी मामले की पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।




