बिना मजदूर के भर दी हाजिरी! सुल्तानपुर में मनरेगा कार्यों में फर्जीवाड़े का आरोप
शहाबगंज (चंदौली)। विकास खंड शहाबगंज के ग्राम पंचायत सुल्तानपुर में मनरेगा कार्यों में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां संतराम के खेत से गुड्डू के खेत तक चकरोड पर मिट्टी कार्य का काम पोर्टल पर संचालित दिखाया गया है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर एक भी मजदूर कार्य करते नहीं मिला। इसके बावजूद एनएमएमएस ऐप पर 42 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर दी गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पोर्टल पर अपलोड की गई उपस्थिति सूची में कई गड़बड़ियां दिखाई दे रही हैं। सूची में “पुष्पा” नाम के आगे जेंडर में पुरुष (M) अंकित किया गया है, जबकि फोटो महिला की लगी हुई है। इससे पूरे मामले में फर्जी हाजिरी लगाए जाने की आशंका और गहरा गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा के नाम पर कागजों में काम दिखाकर सरकारी धन के बंदरबांट का खेल चल रहा है। मजदूरों की फर्जी उपस्थिति लगाकर भुगतान निकालने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एनएमएमएस ऐप पर फोटो अपलोड कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जबकि धरातल पर कार्य नहीं होता।

जानकारी के अनुसार कार्य कोड
3171008048/RC/958486255823747189 के तहत “जीपी सुल्तानपुर में संतराम के खेत से गुड्डू के खेत तक चकरोड पर मिट्टी कार्य” दिखाया गया है। पोर्टल पर 8 मई 2026 को कार्य स्थल की उपस्थिति दर्ज की गई है। फोटो अपलोड करने वाले कर्मचारी का नाम भी अंकित है। लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि जिस समय की उपस्थिति दिखाई गई, उस दौरान मौके पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना की साख पर सवाल खड़े होंगे।
वहीं इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।




