रक्सहा नदी किनारे जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, दो गिरफ्तार; पांच फरार
शहाबगंज। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहाबगंज पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, स्मार्ट मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं, जबकि पांच अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना शहाबगंज की प्रभारी निरीक्षक प्रियंका सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार की रात क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रक्सहा गांव के पास नदी किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पांच लोग अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले, जबकि दो लोगों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान फड़ से 790 रुपये नगद, दो स्मार्ट मोबाइल फोन और 39 ताश के पत्ते बरामद किए गए। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों की जामा तलाशी में 2490 रुपये नकद मिले। कुल मिलाकर पुलिस ने 3280 रुपये बरामद किए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे पैसे के लालच में आपस में मिलकर जुआ खेलते थे। पुलिस से बचने के लिए हर 10 से 15 दिन में जुआ खेलने का स्थान बदल दिया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि सभी लोग अपने मोबाइल फोन फड़ पर रखते थे, ताकि किसी बाहरी व्यक्ति से पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिल सके और समय रहते मौके से भागा जा सके।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ब्रम्हदेव पुत्र स्वर्गीय रामजी निवासी ग्राम सोनहुल थाना चकिया और सनी कुमार पुत्र चन्द्रभान निवासी ग्राम रसिया थाना शहाबगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहाबगंज में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 तथा बीएनएस की धारा 112 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक शिवानंद सिंह, कांस्टेबल धनंजय कुमार, सुमित कुमार पांडेय और राजकुमार शामिल रहे।




