पासपोर्ट सत्यापन में रिश्वत और शराबखोरी पर गिरी गाज, चंदौली के दो मुख्य आरक्षी निलंबित
चंदौली। जनपद पुलिस में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगे थे, जिनकी प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद एसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
पहला मामला बलुआ थाना से जुड़ा है, जहां तैनात मुख्य आरक्षी अशोक कुमार राय पर पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर अवैध धन की मांग करने का आरोप लगा। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप गंभीर पाए गए। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार राय को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है ताकि आरोपों की निष्पक्ष जांच हो सके।
वहीं दूसरा मामला अलीनगर थाना का है। यहां तैनात मुख्य आरक्षी रणजीत तिवारी पर शराब के नशे में थाने के अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का आरोप लगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद एसपी आकाश पटेल ने तत्काल प्रभाव से उन्हें भी निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही इससे यह संदेश भी गया है कि आम जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही या भ्रष्टाचार करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।




