पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के अमांव गांव में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर में रखे उपले लेने गई करीब 60 वर्षीय वृद्धा को उपलों के बीच छिपे जहरीले सांप ने डंक मार दिया। सर्पदंश के बाद वृद्धा की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल चंदौली लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार अमांव गांव निवासी रामवंती देवी पत्नी टेंगरी चौहान, उम्र करीब 60 वर्ष, सोमवार की सुबह घर में दूध गर्म करने के लिए उपला लेने गई थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने उपलों के ढेर से उपला निकालने का प्रयास किया, उसी दौरान उसमें छिपे सांप ने उनके हाथ या शरीर के किसी हिस्से में डंक मार दिया। सांप के डंसने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में सर्पदंश का असर दिखाई देने लगा और उनकी हालत गंभीर होने लगी।

परिजनों ने बिना समय गंवाए ग्रामीणों की मदद से रामवंती देवी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान रामवंती देवी ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा शहाबगंज थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रामवंती देवी की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग भी मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि उपले और लकड़ी आदि के ढेर में अक्सर सांप छिपे रहते हैं, ऐसे में उन्हें उठाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। घटना के बाद गांव में भी लोगों में सर्पदंश को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।




