तेज रफ्तार डंफर ने छीनी युवक की जिंदगी,दस दिनों में तीसरी दर्दनाक घटना से लोगों में आक्रोश
शहाबगंज।भारतमाला परियोजना में मिट्टी ढुलाई कर रहे तेज रफ्तार डंफरों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।बुधवार को थाना क्षेत्र के करनौल तिराहे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की चेतावनी और कार्रवाई के दावों के बावजूद डंफर चालकों की रफ्तार पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को अपराह्न लगभग तीन बजे करनौल तिराहे के पास तेज गति से जा रहे मिट्टी लदे डंफर ने बाइक यूपी 67 AK 5528 पर सवार हलचल (30 वर्ष) पुत्र शंकर निवासी भदाहूं,धानापुर को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई तथा कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
क्षेत्र में पिछले दस दिनों के भीतर यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है।लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।लोगों का कहना है कि भारतमाला परियोजना में लगे डंफर चालक मनमाने तरीके से वाहन दौड़ा रहे हैं और सड़क पर जगह-जगह मिट्टी गिरने से रास्ते फिसलन भरे और जानलेवा बन गए हैं।किसान नेता सतीश सिंह चौहान और एआईपीएफ नेता अजय राय ने आरोप लगाया कि मिट्टी ढुलाई में लगे डंफर चालक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं।हल्की बारिश होते ही सड़क पर गिरी मिट्टी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।उन्होंने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण ठेकहा गांव के समीप फिसलकर दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में डंफरों के संचालन से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।धूल के गुबार से आमजन परेशान हैं। शादी-विवाह में आने-जाने वाले महिला-पुरुषों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।लोगों ने प्रशासन से डंफरों की रफ्तार पर तत्काल नियंत्रण,नियमित जांच और दोषी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वाहन व वाहन चालक को कब्जे में ले लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।




