मारपीट मे बुजुर्ग की मौत से गांव में मचा हड़कंप
शहाबगंज (चंदौली)।
थाना क्षेत्र के गजधरां गांव में आपसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें घायल हुए 65 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, गजधरां गांव निवासी कोमल तिवारी (65) बीते गुरुवार को अपने परिचित फत्तेपुर खुर्द निवासी अमरनाथ यादव के साथ रज्जुपुर स्थित एक दुकान पर गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान कोमल तिवारी को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय चंदौली में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

परिजन आनन-फानन में उन्हें ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। लेकिन चोटें ज्यादा गंभीर होने के कारण शनिवार को इलाज के दौरान कोमल तिवारी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक कोमल तिवारी को चार पुत्री व एक पुत्र है दो पुत्री की शादी हो चुकी है दो पुत्री की शादी अभी करनी है। परिवार चलाने वाले एकमात्र कोमल तिवारी ही थे। उनके ना रहने पर परिवार के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि इस मामले में परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर दुख व्यक्त कर रहे हैं और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर छोटे-छोटे विवाद बड़े रूप ले लेते हैं, जिससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटा विवाद किस तरह जानलेवा बन सकते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना की खबर लगते हैं क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा जताया।




