नौगढ़ थाने में व्यवस्थाओं की पड़ताल, एसपी ने दिखाई सख्ती और सुधार के दिए निर्देश
चन्दौली, जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल ने शनिवार को थाना नौगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में एसपी ने सबसे पहले थाना भवन, कार्यालय, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, मेस तथा पुलिस कर्मियों के बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थाना परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए और सभी अभिलेख समय से अद्यतन किए जाएं। थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रजिस्टरों जैसे अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित अभिलेखों का भी उन्होंने गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों की गुणवत्ता और अपडेट की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही पुलिस व्यवस्था की मजबूती का आधार है।

मिशन शक्ति केन्द्र की समीक्षा में पाई गई कमियां
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर में संचालित मिशन शक्ति केन्द्र की भी समीक्षा की। उन्होंने वहां किए जा रहे कार्यों एवं रजिस्टरों में दर्ज प्रविष्टियों का निरीक्षण किया। समीक्षा के दौरान निर्धारित एसओपी के अनुरूप कार्य न होने पर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक नौगढ़ को कड़ी चेतावनी दी और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग पर जोर
डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसपी ने यक्ष ऐप के उपयोग की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी बीट अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ऐप का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी लोगों तथा किरायेदारों के सत्यापन की कार्यवाही समय से ऐप पर अपडेट की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डिजिटल वेरिफिकेशन में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभाता है।
जनसुनवाई और अपराध नियंत्रण पर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने जनसुनवाई व्यवस्था की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने क्षेत्र में अपराध की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सतर्क एवं सक्रिय रहने को कहा।
बालिकाओं के प्रशिक्षण का लिया जायजा
थाना नौगढ़ में ग्राम्या संस्था के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को कंप्यूटर, सिलाई एवं ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसपी ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण ले रही बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं और पुलिस का सहयोग ऐसे कार्यों में हमेशा बना रहेगा।
पुलिसकर्मियों को दी नसीहत
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयबद्धता एवं जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए हर पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
इस औचक निरीक्षण के माध्यम से एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा।




