शराब बिक्री और लूट मामले में ढिलाई पड़ी भारी, मुगलसराय इंस्पेक्टर सस्पेंड
चन्दौली, जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री आकाश पटेल ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में थाना मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, निरीक्षक ना०पु० राजेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय के कार्यक्षेत्र से जुड़े दो गंभीर प्रकरण सामने आए, जिनमें प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही और कर्तव्यहीनता पाई गई। पहला मामला 02 अप्रैल 2026 का है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें शराब की दुकान बंद होने के बाद भी अवैध रूप से शराब बिक्री होती दिखाई गई। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक द्वारा समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए।
इसी दिन रात्रि में थाना क्षेत्र में एक लूट की घटना भी घटित हुई, लेकिन इस गंभीर मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को समय से नहीं दी गई। इतना ही नहीं, घटना के अनावरण में भी ढिलाई बरती गई, जो पुलिस की जिम्मेदारी के विपरीत माना गया। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में सभी थानाध्यक्षों की पहली बैठक में ही उन्हें निर्देशित किया गया था कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए और जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके बावजूद मुगलसराय प्रभारी निरीक्षक द्वारा इन निर्देशों की अनदेखी की गई, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि जनपद में पुलिसिंग को अधिक सक्रिय, जिम्मेदार और परिणामोन्मुख बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि भविष्य में भी यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा कर्तव्य में लापरवाही बरती जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों को हर हाल में जवाबदेह बनाया




