शराब के नशे में मंदिर में ईंट-पत्थर चलाकर तोड़फोड़ का आरोप, घटना से ग्रामीणों में आक्रोश—पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
चन्दौली एक्सप्रेस बबुरी । थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव में मंदिर में तोड़फोड़ और प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। धार्मिक स्थल पर हुई घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ही बलराम बीयार पर शराब के नशे में धुत होकर मंदिर में पहुंचने और ईंट-पत्थर से तोड़फोड़ करने का आरोप है। आरोप है कि तोड़फोड़ के दौरान मंदिर में स्थापित प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई और लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
सूचना मिलते ही बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस की सक्रियता के बाद स्थिति को नियंत्रण में रखा गया।

पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर आरोपी बलराम बीयार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्त की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




