घर बैठे विभिन्न कोर्स में एडमिशन का सुनहरा मौका
चंदौली एक्सप्रेस
चंदौली। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय ने एक और अवसर प्रदान किया है। पूर्व में प्रवेश की अंतिम तिथि सात सितंबर निर्धारित थी, जिसे कुलपति के निर्देश पर बढ़ाकर 14 सितंबर 2026 कर दिया गया है। वहीं री-रजिस्ट्रेशन तथा द्वितीय और तृतीय वर्ष में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से जुलाई सत्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय और उससे जुड़े अध्ययन केंद्रों पर भी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर आवेदन और प्रवेश के प्रत्येक चरण की जानकारी व प्रिंट प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के लिए विद्यार्थियों को अपनी अपार आईडी, एबीसी आईडी और यूजीसी डेब आईडी बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और यूजीसी की गाइडलाइन के अनुरूप तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2026 सत्र में विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इनमें बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीएलआईएस, एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएलआईएस, एमजे, एमबीए, एमसीए, होम साइंस, टेक्सटाइल्स सहित अन्य व्यावसायिक कार्यक्रम शामिल हैं। सभी स्नातक कार्यक्रमों में द्वितीय वर्ष से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्किल कोर्स भी शुरू किया जा रहा है।
चार नए विषयों में प्रवेश
डॉ. सिंह के अनुसार विश्वविद्यालय ने चार नए विषयों में भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। इनमें एमए लोक प्रशासन, एमए/एमएससी मैथमेटिक्स, एमएससी जूलॉजी और एमएससी बॉटनी शामिल हैं।
वाराणसी क्षेत्रीय केंद्र से वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र और गाजीपुर सहित सात जिलों के करीब 265 अध्ययन केंद्र जुड़े हुए हैं। विश्वविद्यालय का उद्देश्य दूर-दराज के विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा को सुगम रूप से पहुंचाना है।




