किसान विकास मंच ने किया प्रदर्शन, सिंचाई विभाग पर उपेक्षा का लगाया आरोप
शहाबगंज/चंदौली। तपती गर्मी के बीच किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने बरांव गांव स्थित धनरियां माइनर की बदहाल स्थिति को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से उपेक्षित पड़ी माइनर की सफाई नहीं होने से किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मेन राइट कैनाल से निकली धनरियां माइनर पर क्षेत्र के दर्जनों गांवों की सिंचाई निर्भर है, लेकिन वर्तमान में यह माइनर झाड़-झंखाड़, खरपतवार और पेड़ों से पूरी तरह पट चुकी है। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह और सुरेश मौर्य ने मौके पर पहुंचकर माइनर का निरीक्षण किया।
जागरूक किसान मनोज कुमार गुप्ता और दिलीप शर्मा ने बताया कि बरांव गांव के दक्षिणी हिस्से में कभी-कभार सिंचाई विभाग द्वारा औपचारिक सफाई करा दी जाती है, लेकिन गांव के पुल के उत्तर दिशा में लगभग 40 वर्षों से नियमित सफाई नहीं हुई है। इसके चलते बांस, बबूल, कनेर, बकाइन समेत कई प्रकार के पेड़-पौधे और झाड़ियां माइनर में उग आई हैं।किसानों का कहना है कि जरूरत के समय पानी नहीं मिल पाता, जबकि रबी सीजन में माइनर के जाम होने से पानी ओवरफ्लो होकर नहर की पटरी तोड़ देता है। इससे मसूर, चना, मटर, सरसों और गेहूं जैसी फसलें जलभराव के कारण खराब हो जाती हैं।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े हाईवे और एक्सप्रेस-वे निर्माण पर अरबों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन किसानों की सिंचाई व्यवस्था की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद नहरों की सफाई का रोस्टर नवंबर-दिसंबर में कर दिया गया है, जो व्यवहारिक नहीं है। नहरों की सफाई पहले की तरह अप्रैल-मई में कराई जानी चाहिए, ताकि रोपाई और खेती के समय किसानों को पानी उपलब्ध हो सके।किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि धान की रोपाई से पहले धनरियां माइनर की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन अनिश्चितकालीन धरना, अनशन और भूख हड़ताल शुरू करेगा।इस संबंध में संगठन मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता राकेश तिवारी तथा संबंधित अवर अभियंता को समस्या की गंभीरता से अवगत करा दिया है।
प्रदर्शन में सुरेश मौर्य, श्री प्रकाश सिंह, कैलाश नाथ, मनोज कुमार गुप्ता, सत्यम कुमार, दिलीप शर्मा, बसंतू, अर्जुन विश्वकर्मा, शुभम मदेशिया, गुड्डू खरवार, रमेश गुप्ता, शंभू चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दूखंतू मौर्य ने तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया।




