संगठन की मजबूती और कर्मचारियों के हित होंगे प्राथमिकता: गौरव दुबे
शहाबगंज (चंदौली)। शहाबगंज ब्लॉक सभागार में शनिवार को रोजगार सेवकों, तकनीकी सहायकों एवं अन्य कर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और कार्मिक कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से कार्मिक संघ की नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में गौरव दुबे को संघ का ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। वहीं शिवेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष, राजन सिंह को महामंत्री, विनीत को मीडिया प्रभारी तथा कमलेश पांडेय को संगठन का प्रवक्ता बनाया गया।

नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष गौरव दुबे ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ संगठन को नई दिशा देगी। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन की एकता बनाए रखने तथा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान राजेश सिंह,लव केशरी, रामचंद्र तिवारी अरविंद जायसवाल,शिवधनी गुप्ता, सहित कर्मचारी उपस्थित थे।




