शहाबगंज को अलविदा कह भावुक हुए स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अमर सिंह
शहाबगंज, चंदौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज परिसर में शुक्रवार को स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अमर सिंह के स्थानांतरण पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। 14 वर्षों तक शहाबगंज विकासखंड में अपनी सेवाएं देने के बाद उनका स्थानांतरण मिर्जापुर जनपद के सीखड़ ब्लॉक में होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने अमर सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनका योगदान सदैव सराहनीय रहा।
वक्ताओं ने कहा कि अमर सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल विभागीय जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। उनके सहज, सरल एवं सहयोगात्मक व्यवहार के कारण वे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय रहे।
अपने संबोधन में अमर सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि शहाबगंज में बिताए गए 14 वर्ष उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और यादगार वर्षों में शामिल रहेंगे। यहां के लोगों का स्नेह, सहयोगियों का साथ और क्षेत्र की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी तैनाती होगी, वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनसेवा के कार्य में लगे रहेंगे।
समारोह के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने अमर सिंह को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। विदाई के दौरान कई कर्मचारी भावुक दिखाई दिए और उनके साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. मनीष द्विवेदी, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, महेश प्रसाद कुरिल, महिपाल यादव, रोशन पटेल, अजय मौर्य, प्रेमलता, आशा, लालती सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. मनीष द्विवेदी, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, महेश प्रसाद कुरिल, महिपाल यादव, रोशन पटेल, अजय मौर्य, प्रेमलता, आशा, लालती सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




