सोने के नाम पर सुनार को लगाया लाखों का चूना, 15.80 लाख नकद बरामद
चकिया : जनपद चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी और सुनियोजित ठगी का पर्दाफाश करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15.80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। खास बात यह रही कि पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर पूरे गिरोह को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की।
कैसे हुई ठगी की वारदात
23 अप्रैल 2026 को ग्राम सभा बरहुआ स्थित शशि ज्वैलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा को इस गिरोह ने निशाना बनाया। ठगों ने पहले असली सोने के छोटे-छोटे दाने देकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद 100 ग्राम से अधिक सोना देने का झांसा देकर करीब 16 लाख रुपये ले लिए।
जब पीड़ित ने लेन-देन के बाद पोटली खोली तो उसमें सोने के बजाय चमकदार नकली धातु के टुकड़े (गुरिया) निकले। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित के होश उड़ गए, लेकिन तब तक आरोपी महिलाएं और बच्चों के साथ मौके से फरार हो चुके थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना चकिया में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस और सर्विलांस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 26 अप्रैल की सुबह मुखबिर की सूचना पर बेलावर क्षेत्र के पहाड़ी के पास से सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी की रकम 15.80 लाख रुपये बरामद की गई। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और मुस्तैदी साफ नजर आई।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित घुमंतू/खानाबदोश गिरोह का हिस्सा हैं। ये लोग खुद को उड़ीसा की सोने की खदान में काम करने वाला बताकर लोगों को झांसे में लेते थे।
गिरोह की कार्यशैली बेहद शातिर थी
पहले असली सोने का छोटा नमूना देकर भरोसा जीतना, फिर बड़ी मात्रा में सोना देने का लालच देना,
मोटी रकम लेकर नकली सामान देकर फरार हो जाना
घटना के बाद ये गिरोह लगातार अपना ठिकाना बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में इसी तरह की वारदात को अंजाम देता था।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने उड़ीसा राज्य के रहने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं। सभी आरोपी एक संगठित ठग गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं।
बरामदगी
₹15.80 लाख नकद
आगे की कार्रवाई
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और अन्य राज्यों में इनके नेटवर्क को भी खंगाल रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
सुने एएसपी सदर को




