सिविल जज जूनियर डिवीजन ने बच्चों को कानून के प्रावधानों से कराया अवगत
सैदूपुर (चंदौली)। किसान इंटर कॉलेज सैदूपुर में मंगलवार को छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चकिया के सिविल जज जूनियर डिवीजन यागेश सोनकर ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और किसी भी प्रकार के यौन अपराध अथवा उत्पीड़न की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों के बारे में बताया।
सिविल जज जूनियर डिवीजन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने के उद्देश्य से पॉक्सो एक्ट बनाया गया है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि यदि उनके साथ अथवा किसी अन्य बच्चे के साथ गलत व्यवहार, छेड़छाड़ या किसी तरह का उत्पीड़न होता है तो चुप न रहें। इसकी जानकारी तत्काल अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को दें।
उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतने की सलाह दी। अनजान लोगों से बातचीत, निजी जानकारी साझा करने तथा किसी प्रकार के दबाव या धमकी में आने से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी होने से बच्चे अपने अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता ले सकेंगे।
कार्यक्रम में सिविल जज जूनियर डिवीजन की पत्नी शालिनी सोनकर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी सुरक्षा के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। किसी भी असहज स्थिति को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता अथवा शिक्षकों से साझा करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से विशेष रूप से कहा कि वे किसी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक अपनी बात परिवार और विद्यालय के जिम्मेदार लोगों के सामने रखें।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका उपस्थित लोगों ने सरल भाषा में जवाब दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को बाल सुरक्षा कानूनों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार के अपराध के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार, शालिनी सोनकर, सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय, प्रतीक कुमार, राजेंद्र प्रसाद, किशुनदत्त द्विवेदी, सत्य प्रकाश सिंह, गिरीश कुमार शर्मा, कर्णपति शुक्ला, दिलीप कुमार सिंह और किशोर कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।




