बैंक से पैसा निकालकर बस में चढ़ रही महिला को बनाया निशाना, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
चकिया : चन्दौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए ₹50,000 रुपये भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बैरी निवासी मीनू त्रिपाठी 07 अप्रैल 2026 को यूबीआई बैंक चकिया से ₹1,00,000 निकालकर लगभग 03:10 बजे बस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने धक्का देकर उनके बैग से ₹50,000 की गड्डी निकाल ली और मौके से भागने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चकिया में मु0अ0सं0 83/2026 धारा 309(6)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता शिल्पी खरवार पुत्री सीजन खरवार निवासी अकोढ़ी गोला थाना अकोढ़ी गोला जनपद रोहतास (बिहार) को ब्लाक तिराहा चकिया स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से ₹50,000 नकद बरामद किए, जो लूट की पूरी रकम बताई जा रही है।
पूछताछ में कबूला अपराध, पुलिस टीम की भूमिका अहम
पूछताछ के दौरान अभियुक्ता ने बताया कि बस में चढ़ रही महिला के बैग में पैसे की गड्डी देखकर लालच में आकर उसने धक्का देकर रुपये निकाल लिए थे, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वह पकड़ ली गई।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार एवं महिला कांस्टेबल किरन की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।




