सोनभद्र के दो अभियुक्त दबोचे गए, बिहार से खरीदा था हथियार, पुलिस नेटवर्क खंगालने में जुटी
गढ़वा घाट कुटिया के पास चेकिंग में मिली सफलता
चन्दौली |
जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 21 अप्रैल को चेकिंग के दौरान ग्राम सोनबरसा स्थित गढ़वा घाट कुटिया के पास संदिग्ध स्थिति में आ रहे अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 01 अवैध .32 बोर असलहा, 02 जिंदा कारतूस तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP64BB1531) बरामद की। बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों अभियुक्त सोनभद्र जिले के निवासी, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र बलिराम सिंह पटेल निवासी ग्राम तिलौली कला थाना कर्मा जिला सोनभद्र तथा प्रमोद कुमार पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ यादव निवासी ग्राम केवली थाना घोरावल जिला सोनभद्र के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त प्रमोद कुमार पटेल ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है और अपनी सुरक्षा के उद्देश्य से उसने बिहार से अवैध असलहा खरीदा था। वहीं दूसरे अभियुक्त प्रमोद कुमार यादव ने खुलासा किया कि बिहार के एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे अवैध असलहा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई थी। उसी के कहने पर वह अपने साथी प्रमोद पटेल को बिहार के हाटा क्षेत्र लेकर गया, जहां एक व्यक्ति ने उन्हें असलहा और कारतूस उपलब्ध कराया। इसके बाद दोनों अभियुक्त हथियार लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, एक अभियुक्त पर पहले से आपराधिक इतिहास
इस पूरी कार्रवाई में थाना चकिया पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव तथा कांस्टेबल श्रीराम यादव शामिल रहे। पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते यह सफलता संभव हो सकी।
अवैध असलहों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
चकिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध असलहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ऐसे अपराधियों और नेटवर्क पर कड़ी नजर रखे हुए है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



