चेकिंग के दौरान कूट रचित कागजात व मोबाइल बरामद, निजी लाभ के लिए करता था इस्तेमाल
चन्दौली। अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली चन्दौली पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु चेकिंग के दौरान एक युवक को कूट रचित दस्तावेज व मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में दिनांक 25 मार्च 2026 को की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रूपेश उपाध्याय (22 वर्ष) पुत्र अम्बरीष उपाध्याय निवासी हेतमपुर, थाना धानापुर, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक निमंत्रण पत्र, दो कूट रचित छायाप्रतियां तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उसने उक्त कागजात अपने मोबाइल फोन के माध्यम से तैयार किए थे। वह इन फर्जी दस्तावेजों को दिखाकर स्वयं को कभी RAW एजेंट तो कभी असिस्टेंट कमांडेंट बताता था और इस प्रकार निजी लाभ प्राप्त करने का प्रयास करता था।
मुकदमा दर्ज, विधिक कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली चन्दौली में मु0अ0सं0 0122/2026 अंतर्गत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(4) व 340(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव (चौकी प्रभारी कस्बा) तथा हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




