गली में गंदा पानी बहाने को लेकर बवाल, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
शहाबगंज।
थाना क्षेत्र के ठेकहां गांव में शनिवार को गली में गंदा पानी बहाने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज पहुंचाकर उपचार कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजेश कुमार द्वारा एक दिन पहले गली में पाइप लगाकर घर का गंदा पानी बहाया जा रहा था। इसका गांव के ही रामनरेश ने विरोध किया और मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाइप हटवाकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया था।
बताया जा रहा है कि शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट में एक पक्ष से राजेश कुमार की पत्नी ममता (36), पुत्री शशिकला (17) तथा भानूमति (16) घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से रामनरेश की पुत्री काजल (17) और कंचन (13) चोटिल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। एसएसआई प्रभुनाथ यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का उपचार कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




