रिंग रोड पर डीजल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, कार समेत माल बरामद
चंदौली (मुगलसराय): थाना मुगलसराय पुलिस ने चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार, 13 गैलन, दो प्लास्टिक पाइप, एक पेचकस, दो मोबाइल फोन व 10 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सहजौर रिंग रोड अंडरपास के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे रिंग रोड व हाइवे किनारे खड़ी गाड़ियों से डीजल चोरी करते थे और वाहन में रखे सामान को चुरा लेते थे। इसके बाद चोरी का माल चहनिया बाजार की एक दुकान पर बेच देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप यादव उर्फ प्रद्युम यादव (निवासी जलालपुर), नमन मिश्रा उर्फ भोले (निवासी सरायपकवान) और राजकुमार गुप्ता (निवासी खण्डवारी, चहनियां) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपरोक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर का वक्तव्य




