प्रदेश सचिव महमूद आलम बोले- पेड़ बचेंगे तो भविष्य सुरक्षित रहेगा, पीडीए ही सामाजिक न्याय की ताकत
शहाबगंज (चंदौली)। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव महमूद आलम के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पीडीए के महानायक अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर चलाया गया सात दिवसीय वृक्षारोपण अभियान मंगलवार को संपन्न हो गया। अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के अंतिम दिन मंगलवार को चकिया विधानसभा क्षेत्र के तियरां और रामपुर गांव में समाजसेवी राजेश्वर सिंह यादव उर्फ रजवंत फौजी के आवास पर छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव महमूद आलम ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है।

उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज की एकता ही प्रदेश और देश में सकारात्मक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और विकास की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में एकता और सद्भाव का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी राजेश्वर सिंह यादव (रजवंत फौजी) ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रजवंत यादव, विनोद यादव, समीम अहमद, विपिन यादव (बिपिन कुमार), रविन्द्र कुमार, नगेन्द्र कुमार, रबि गोड़, मोछू यादव, सोबराती, बूथ प्रभारी रामपुर सूर्यभान यादव, हरिहर यादव, शिवानंद यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सात दिनों तक चले इस अभियान में चकिया विधानसभा के विभिन्न गांवों में सैकड़ों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।




