अखिलेश यादव के जन्मदिन पर चला सात दिवसीय वृक्षारोपण अभियान समाप्त, डेढ़गावां में वृक्षारोपण के साथ सपा अल्पसंख्यक सभा का पर्यावरण अभियान हुआ संपन्न
जमील अहमद बोले— पीडीए की ताकत से ही होगा प्रदेश और देश का सकारात्मक बदलाव
चंदौली।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा चंदौली द्वारा 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलाए गए सात दिवसीय “पर्यावरण संरक्षण अभियान” का समापन मंगलवार को चंदौली जिले के डेढ़गावां गांव में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ हुआ। अभियान के अंतिम दिन बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और युवाओं ने छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा चंदौली के जिलाध्यक्ष जमील अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर चलाया गया यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने का एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा प्रकृति संरक्षण, सामाजिक न्याय और आम जनता के हितों की राजनीति करती रही है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज की एकजुटता ही प्रदेश और देश में सकारात्मक बदलाव की सबसे बड़ी ताकत है। समाजवादी विचारधारा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, सामाजिक समानता स्थापित करने और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जब समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय के लिए आगे बढ़ेंगे, तभी मजबूत और खुशहाल समाज का निर्माण संभव होगा।

जमील अहमद ने कहा कि सात दिनों तक चकिया विधानसभा के विभिन्न गांवों में लगातार वृक्षारोपण कर लोगों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान को ग्रामीणों और युवाओं का भरपूर सहयोग मिला, जो इस बात का प्रमाण है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान खुर्शीद अहमद,अंसार आलम,एकबाल अहमद,दिलदार अहमद,किफलैन,सजाउद्दीन प्रधान, शमसेर अली राजू, नुरुलहक अंसारी, शेरे अली, महमूद खां, विजेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




