रोड चौड़ीकरण से उजड़े व्यापारियों के लिए सपा ने दिया डीएम को ज्ञापन, विधायक प्रभु नारायण ने उठाया मुद्दा
चंदौली।
मुगलसराय बाजार में चल रहे रोड चौड़ीकरण अभियान के दौरान व्यापारियों की दुकानों को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रभावित व्यापारियों के हितों की रक्षा की मांग उठाई।और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने किया। इस दौरान सपा नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए प्रभावित व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में दुकान आवंटित करने तथा जिन व्यापारियों की दुकानें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं या पूरी तरह तोड़ी गई हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।

सपा नेताओं ने कहा कि मुगलसराय बाजार जिले का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है और रोड चौड़ीकरण के नाम पर व्यापारियों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। कई छोटे व्यापारी वर्षों से अपनी दुकानों के सहारे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई के चलते वे आर्थिक संकट में आ गए हैं। ऐसे में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास और मुआवजे की समुचित व्यवस्था की जाए।
सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान कहा कि विकास कार्यों का समाजवादी पार्टी विरोध नहीं करती, लेकिन विकास के नाम पर गरीब और छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की दुकानें तोड़ी गई हैं, उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना बेघर और बेरोजगार करना अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में प्रभावित व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएं, ताकि उनका रोजगार बचा रहे।
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुगलसराय में एलिवेटेड पुल निर्माण की घोषणा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से मुगलसराय में एलिवेटेड पुल निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन आज तक उस परियोजना पर कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह पुल कब बनेगा और जनता को उसका लाभ कब मिलेगा। विधायक ने कहा कि केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारना जरूरी है। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि पार्टी हमेशा आमजन, व्यापारियों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों के नाम पर लोगों को परेशान कर रही है और व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

इस दौरान पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने कहा कि प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित लोगों के साथ न्याय करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें चंद्रशेखर यादव, औसाफ अहमद, मुसाफिर सिंह चौहान, संतोष यादव, नफीस अहमद गुड्डू, अजय सिंह, दिलीप पासवान सहित सैकड़ों सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। सपा नेताओं की इस पहल से प्रभावित व्यापारियों में उम्मीद जगी है। वहीं अब लोगों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है कि व्यापारियों की मांगों पर क्या फैसला लिया जाता है।




