सैदूपुर के मोबाइल व्यापारियों ने बनाई नई व्यवस्था, नियम तोड़ने पर लगेगा 1000 रुपये जुर्माना
इलिया चंदौली।
टेलीकॉम मोबाइल विक्रेता संघ सैदूपुर की आवश्यक बैठक रविवार को दीपक जायसवाल के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, व्यापारिक हितों की सुरक्षा तथा व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह की 1 और 15 तारीख को क्षेत्र की सभी मोबाइल एवं टेलीकॉम से संबंधित दुकानें बंद रहेंगी। इन निर्धारित तिथियों पर कोई भी दुकानदार मोबाइल, सिम कार्ड, मोबाइल एक्सेसरीज़ अथवा टेलीकॉम से जुड़ी अन्य सामग्री की बिक्री या वितरण नहीं करेगा। इसके अलावा मोबाइल रिचार्ज और रिपेयरिंग का कार्य भी पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि व्यापारिक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार इस नियम का उल्लंघन करते हुए बिक्री, वितरण या रिपेयरिंग कार्य करता पाया गया तो उस पर एक हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
बैठक में मौजूद सभी व्यापारियों ने इस निर्णय का समर्थन किया और संगठन की एकता को मजबूत बनाने के लिए एक-एक हजार रुपये अग्रिम राशि भी जमा की। साथ ही यह भी तय किया गया कि सभी व्यापारी आपसी सहमति और समन्वय के साथ कारोबार करेंगे तथा एक-दूसरे के हितों का सम्मान करेंगे।
बैठक में राही मौर्य, मनोज श्रीवास्तव, दीपक केशरी, दीपक जायसवाल, बबलू गुप्ता, विक्की गुप्ता, अशोक वर्मा, आकाश केशरी, आलोक केशरी, जितेंद्र चौहान, मनोज, बुलेन्दर केशरी, दिव्यांश केशरी, शिप्पू मौर्य, इंद्रजीत, वसीम अहमद, दिलीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में मोबाइल एवं टेलीकॉम व्यवसायी उपस्थित रहे।




