कमियों की रिपोर्ट कमिश्नर को भेजी जाएगी: प्रज्ञा सिंह
शहाबगंज। मण्डलीय निरीक्षण अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने बुधवार को शहाबगंज विकास खंड कार्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण कर कार्यालयी व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों के अभिलेखों की जांच की और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
विकास खंड कार्यालय में निरीक्षण के दौरान प्रज्ञा सिंह ने सभी पटल प्रभारियों से उनके दायित्वों, लंबित प्रकरणों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के संचालन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। अभिलेखों के संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज पहुंचकर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल.बी. शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त समस्याओं और आवश्यक संसाधनों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की।
मण्डलीय निरीक्षण अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी तथ्य, कमियां और समस्याएं सामने आई हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मंडलायुक्त (कमिश्नर) को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक स्तर पर निर्णय लेकर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल.बी. शर्मा, एडीओ अजय प्रताप सिंह, लेखाकार प्रेम प्रकाश आर्य, रौशन जमीर, राघवेन्द्र सिंह, हरिद्वार सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




