नासिरगंज गांव में वृक्षारोपण कर पीडीए को बताया बदलाव की ताकत, आगामी विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय की सरकार बनाने का आह्वान
चकिया, चंदौली।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा चंदौली द्वारा चलाए जा रहे “पर्यावरण संरक्षण अभियान” के तहत सोमवार को छठवें दिन चकिया विधानसभा क्षेत्र के भिषमपुर के राजस्व गांव नासिरगंज में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर छायादार और फलदार पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष जमील अहमद ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल राजनीति नहीं बल्कि समाज और प्रकृति दोनों की रक्षा का संकल्प लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की बदहाली और सामाजिक भेदभाव बढ़ रहा है, ऐसे समय में समाजवादी पार्टी का “पीडीए” यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को जोड़ने का अभियान बदलाव की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक नारा नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, बराबरी और संविधान बचाने का आंदोलन है। समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और कमजोर वर्गों की आवाज रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता जाति और धर्म की राजनीति को जवाब देकर विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की राजनीति को मजबूत करेगी।
जमील अहमद ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी प्रदेश में फिर से विकास और भाईचारे की सरकार बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों और पीडीए की ताकत के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय दोनों ही समाजवादी विचारधारा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पेड़ पूरे समाज को छाया और जीवन देता है, उसी प्रकार पीडीए समाज के हर वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने का काम करेगा। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी प्रदेश की जनता के सहयोग से नई राजनीतिक दिशा तय करेगी। कार्यक्रम के दौरान सजाउद्दीन प्रधान, शमसेर अली राजू, नुरुलहक अंसारी, शेरे अली, महमूद खां, पतालू गुप्ता, विजेन्द्र यादव, राहुल विश्वकर्मा, मोनू यादव, भोनू पाल, हरिलाल, नौशाद, शाहिद, जुम्मन, पप्पू, सूरज, मून्ना सहित तमाम सपा नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



