हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, अतिथियों को किया गया सम्मानित
चन्दौली एक्सप्रेस चकिया। नगर के वार्ड नंबर-9 विभूति नगर नई बस्ती स्थित श्रृंगार वाटिका में मानव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय गणेश पूजनोत्सव का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और गणपति बप्पा के दर्शन किए।
कार्यक्रम में विधायक कैलाश आचार्य, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी संजय सिंह, वन विभाग के अधिकारी, समाजसेवी एवं सभासद सहित अन्य गणमान्य लोगों को समिति की ओर से सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।
उत्सव के दूसरे दिन आयोजित देवी जागरण में जेएमडी जागरण ग्रुप के कलाकारों ने भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं बच्चों के लिए डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नन्हे कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विधायक ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम संयोजक वैभव मिश्रा ने कहा कि गणेश उत्सव को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम संयोजक वैभव मिश्रा के संयोजन में आयोजित उत्सव के दौरान तीनों दिनों श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन रमाकांत गौड़, राजेश यादव एवं वैभव मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। समिति अध्यक्ष बनारसी मिश्रा एवं मंत्री मोहन खरवार ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। इस दौरान समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




