सूने मकान को बनाया था निशाना, CCTV से खुली चोरी की परतें
चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-04 दीनदयाल नगर निवासी सदानंद सिंह यादव अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे और घर में ताला बंद था। 18 अप्रैल 2026 को पड़ोसी ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही जब वह वापस सैयदराजा पहुंचे, तो देखा कि कमरे में रखा बक्सा तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान विकास अग्रहरी के रूप में हुई, जो वार्ड नंबर-07 नेहरू नगर का निवासी है। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कस्बा सैयदराजा से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कई कीमती जेवरात बरामद हुए, जिनमें सोने के झुमके, मांग टीका, कान की बालियां, ओम लॉकेट, चंद्रमा गले का आभूषण, नाक की कील सहित चांदी के पायल, सिक्के, कटोरी, चम्मच और अन्य सामान शामिल हैं। साथ ही एक जियो कंपनी का कीपैड मोबाइल भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पूछताछ में आरोपी से चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस पूरे ऑपरेशन को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल बृजेश चौहान, शंकर प्रसाद और रुद्र प्रताप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस तेज कार्रवाई से जहां पीड़ित को राहत मिली है, वहीं क्षेत्र के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।




