शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव स्थित पुल के पास गुरुवार की शाम चाट की दुकान पर युवतियों से अभद्रता का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध करने पहुंचे पिता और युवतियों के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। घटना में युवतियां और उनके पिता घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद तथा एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव की कुछ युवतियां गुरुवार शाम बड़ौरा गांव स्थित पुल के समीप एक चाट की दुकान पर चाट खा रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवक पहले चाट खाने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि युवकों ने युवतियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए छींटाकशी शुरू कर दी। युवतियों ने इसका विरोध किया, लेकिन युवक नहीं माने।
घटना से घबराई एक युवती ने फोन कर अपने पिता को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पिता मौके पर पहुंचे और युवकों से अभद्रता का विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने युवतियों और उनके पिता की पिटाई कर दी। मारपीट में तीनों घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से जानकारी ली। पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद तथा एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




