पेड़ से भिड़ा सवारी ऑटो, युवक की मौके पर मौत, वृद्ध घायल
शहाबगंज।
थाना क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर रविवार को मचवल गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी रोहन विश्वकर्मा (20) पुत्र बाबूलाल विश्वकर्मा अपने पड़ोसी चंदन पासवान के बच्चे को भर्ती कराने चंदौली अस्पताल गया था। वहां से वह चंदौली से शहाबगंज की ओर लौट रहे सवारी ऑटो संख्या यूपी 67 बीटी 1746 में बैठकर वापस घर आ रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही ऑटो मचवल गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से भारतमाला परियोजना में चल रही मिट्टी लदी डंपर के सामने एक बाइक सवार अचानक ओवरटेक कर गया। बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित यूकेलिप्टस के पेड़ से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो में बैठे रोहन विश्वकर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार सकलडीहा थाना क्षेत्र के टेनुवर गांव निवासी राजकुमार गौतम (59) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपनी बेटी के घर सेमरा गांव जा रहे थे।
घटना के बाद चालक ऑटो छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल वृद्ध को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में ले लिया है।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों की भी मौके पर भारी भीड़ जुट गई। मृतक रोहन के भाई गणेश विश्वकर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई प्रभुनाथ यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घायल का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। ऑटो चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





