पत्नी के साथ टहल रहे युवक को पीछे से बाइक सवार ने मारी टक्कर, दोनों को पहुंचाया गया पीएचसी
शहाबगंज (चंदौली)। ब्लाक मुख्यालय के समीप कर्मनाशा नदी पर बने नये पुल के पास सोमवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पत्नी के साथ टहल रहे एक युवक को पीछे से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी मुसाफिर कुमार (35) सोमवार की शाम अपनी पत्नी के साथ कर्मनाशा नदी के नये पुल के पास टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक सवार अनीस (21)ने मुसाफिर कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मुसाफिर सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं बाइक अनियंत्रित होने के कारण अनीस भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों घायलों को किसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले गए। वहां चिकित्सक चंद्रगुप्त ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकीय जांच के बाद गंभीर चोटों को देखते हुए अनीस को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं मुसाफिर कुमार का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ पुल के पास जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पर आवागमन के दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।




