बिहार से लाकर चंदौली में करते थे सप्लाई, कीमत करीब 4 लाख रुपये
नौगढ़ (चंदौली): जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कौवाघाट पुल के पास से 14.739 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मोटरसाइकिल से हो रही थी गांजे की तस्करी
पुलिस के अनुसार अभियुक्त मोटरसाइकिल से गांजा लेकर कौवाघाट पुल के रास्ते मधुपुर की ओर जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कौवाघाट पुल के मोड़ के पास वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
बिहार से खरीदकर स्थानीय क्षेत्र में करते थे बिक्री
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पप्पू यादव (24 वर्ष) व शौकत सिंह (23 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा थाना चैनपुर जनपद भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने गांव के पास पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दाम पर गांजा खरीदते थे और उसे चंदौली के मधुपुर व आसपास के गांवों में महंगे दाम पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को आपस में बराबर बांट लेते थे।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, गिरोह की तलाश जारी
इस मामले में थाना नौगढ़ पर मुकदमा संख्या 37/26 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तारी टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक हंसराज मिश्र, उपनिरीक्षक अभय सिंह, हेड कांस्टेबल रामजनम गुप्ता, परशुराम, रमेश सिंह यादव, असगर खां व विजेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।
सुने सीओ नौगढ़ को




