सैयदराजा पुलिस की कार्रवाई, जेठमलपुर के पास घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
चन्दौली। जनपद में गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एनएच-19 हाइवे पर स्थित ग्राम जेठमलपुर के पास एक पिकअप वाहन से 12 गोवंश बरामद करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में गोवंश लादकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए एनएच-19 पर चेकिंग शुरू की और संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए घेराबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या UP66AT 6598 (बुलेरो मैक्स पिकअप) को रोककर तलाशी ली। वाहन के अंदर 12 गोवंश (10 गाय और 2 बैल) पाए गए, जिनमें से एक बैल मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने मौके से वाहन सहित गोवंश को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गब्बर खान पुत्र राजू खान उर्फ मोहम्मद रहीम, निवासी ग्राम चोरिगवां गनगवा थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी से गोतस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में थाना सैयदराजा पर मु0अ0सं0 105/2026 के तहत धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा 109/325 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और उनके संरक्षण की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गोवंश को कहां से लाया जा रहा था और इन्हें किस स्थान पर ले जाया जाना था।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के साथ हेड कांस्टेबल मो. नसीरुद्दीन हुमायूं, कांस्टेबल बृजेश चौहान, कांस्टेबल शंकर प्रसाद और कांस्टेबल राजू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोतस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




