मुगलसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 ग्राम हेरोइन बरामद; तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन श्री पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र श्री वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और इसमें संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर पड़ाव क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास मौजूद सब्जी के झोले की जांच की गई। झोले में ऊपर सब्जियां रखी थीं, जबकि नीचे छिपाकर रखी गई 400 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इस तरह तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए सब्जी के झोले का इस्तेमाल कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र स्व0 सूरज लाल तथा नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा, दोनों निवासी ग्राम नेउला थाना मसौली जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बाराबंकी से एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर यह खेप लेकर आए थे और पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।
थाना मुगलसराय में इस संबंध में मु0अ0सं0 165/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, मुख्य आरोपी गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में गाजीपुर जनपद में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि वह पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार (चौकी प्रभारी जलीलपुर) और उपनिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सुने अधिकारी का बयान




