अतिक्रमण हटाने गई टीम को मिला विरोध, विवाद में दो लोग हुए बीमार
शहाबगंज : थाना क्षेत्र के भुसीकृत पुरवां गांव में शनिवार को रास्ते के पुराने विवाद को लेकर प्रशासनिक टीम अतिक्रमण हटवाने पहुंची। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज तथा थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। गांव में लालचंद यादव, सुरेंद्र यादव और दयाराम यादव के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा है। मामले के निस्तारण के लिए प्रशासन द्वारा सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जांच के दौरान पाया गया कि विवादित स्थल पर उपली और ईंट रखकर रास्ते को बाधित किया गया है, जिससे आवागमन में दिक्कत हो रही है।

हालांकि, मौके पर तीनों पक्षों के बीच आपसी कहासुनी और तनाव के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी। प्रशासन ने साफ कहा कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नियमानुसार बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान विवाद की स्थिति में लालचंद यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, सुरेंद्र यादव को भी बेहोशी आने पर निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें भी रेफर किया गया।
उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पक्षों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि आदेश का पालन न करने पर प्रशासन सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाते हुए विधिक कार्रवाई करेगा।
मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही, हालांकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही विवाद के स्थायी समाधान की बात कही जा रही है।




