ऑपरेशन वज्रपात के तहत चकिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चकिया, चन्दौली। सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ एवं उकसाऊ सामग्री प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ चन्दौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” अभियान के तहत थाना चकिया पुलिस ने 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर समूह बनाकर भड़काऊ पोस्ट एवं गाने प्रसारित कर लोगों को उकसाने तथा सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे। पूर्व में दर्ज मुकदमों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को उनके घरों से हिरासत में लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सागर सोनकर, शिवकुमार सोनकर, रिंकू बिन्द, सूरज सोनकर, काजू बिन्द, रिंकू सोनकर, राजन सोनकर, सत्या सोनकर, आशुतोष उर्फ बलदाऊ सोनकर तथा अजय सोनकर शामिल हैं। सभी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक हरेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल रविशंकर तथा कांस्टेबल सुभाषचन्द्र की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



