चंदौली

फर्जी फाइनेंस कंपनी की आड़ में करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़

महिला समेत तीन गिरफ्तार

चंदौली। साइबर थाना चंदौली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी बनाकर देशभर में ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी 1.42 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई गई है। साथ ही भारी मात्रा में कंप्यूटर उपकरण, 350 बैंक पासबुक, फर्जी आधार कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रभारी साइबर थाना के नेतृत्व में गठित टीम ने चंदौली स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग सामान समेटकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें बजरंग लॉन के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान कार्यालय से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज, फर्जी पहचान पत्र और अन्य अभिलेख बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को ऋण दिलाने के नाम पर 5 हजार से 25 हजार रुपये तक वसूलते थे। गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम जमा कराते थे। इसके बाद वे करीब 1.5 प्रतिशत कमीशन काटकर शेष रकम अपने सहयोगियों के माध्यम से अन्य स्थानों पर ट्रांसफर कर देते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने अपने फोटो के साथ फर्जी नाम और पते वाले आधार कार्ड भी तैयार करा रखे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र कुमार निवासी बर्थरा बुर्द थाना चंदौली, आशीष पटवा निवासी बबुरी बाजार थाना बबुरी तथा सोनी निवासी शाहपुर थाना चकिया शामिल हैं।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग,हे0का0 संतोष कुमार सिंह,का0 अंकित गिरि,काo अनिल कुमार प्रजापति,का0 नौशाद,का0 पूजा सिंह समेत साइबर टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच में जुटी है।

Chandauli Express

Chandauli Express

About Author

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

चंदौली

बीकानेर में तैनात सेना के हवलदार अरविंद कुमार मौर्य का निधन, शहाबगंज में शोक की लहर

शहाबगंज। स्थानीय कस्बा शहाबगंज निवासी तथा भारतीय सेना में हवलदार पद पर तैनात अरविंद कुमार मौर्य (38 वर्ष) का गुरुवार
चंदौली

नहर कार्य की लापरवाही बनी हादसों की वजह, सड़क पर फैली बालू से बढ़ा खतरा

इलिया (चंदौली)सिंचाई विभाग द्वारा नहर में कराए गए कार्य के दौरान बालू सड़क पर फैला दिए जाने से क्षेत्र में
error: Content is protected !!