छात्राओं की मांग पर डीएम ने खेल मैदान के लिए जमीन विकसित करने के दिए निर्देश
शहाबगंज। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को बायापुर गांव पहुंचकर अतिक्रमण से मुक्त कराई गई करीब 22 बीघा भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि की घेराबंदी कर उसे खेल मैदान के रूप में विकसित करने का निर्देश खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि खाली कराई गई भूमि का उपयोग जनहित में किया जाए, ताकि ग्रामीणों और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कक्षा आठ की छात्राओं से सीधे बातचीत की। छात्राओं से भोजन, आवास, पढ़ाई और विद्यालय में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
छात्राओं ने जिलाधिकारी को बताया कि विद्यालय में खेलने के लिए पर्याप्त मैदान उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें खेल गतिविधियों में परेशानी होती है। छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी विद्यालय के बगल में स्थित भूमि को खेल मैदान के रूप में विकसित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद की सुविधाएं भी जरूरी हैं। खेल मैदान विकसित होने से छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की बाउंड्रीवाल का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी विकास मित्तल, डीसी मनरेगा रविंद्र चतुर्वेदी, बीडीओ दिनेश सिंह, ग्राम प्रधान राम प्रसाद, सचिव सत्यार्थ सिंह, वार्ड सदस्य सुनीता पांडेय समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




