लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
चंदौली:
जनपद में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालिया समीक्षा के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर एसपी ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि छह अन्य के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना मुगलसराय क्षेत्र के दुल्हीपुर चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी संतोष यादव के खिलाफ क्षेत्र में अवैध जुआ संचालन और तस्करी पर प्रभावी रोकथाम न करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्यशैली में सुधार न होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, थाना सैयदराजा में तैनात उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी को भी निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई में ढिलाई, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में लापरवाही, उच्चाधिकारियों को समय पर सूचना न देना और विवेचनाओं में उदासीनता जैसे गंभीर आरोप पाए गए।
इसके अलावा, गो-तस्करी से जुड़े मामलों में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान लापरवाही सामने आने पर यातायात शाखा के छह पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। टीएसआई उमाशंकर यादव, टीएसआई मनोज कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों द्वारा घटनाओं की समय पर सूचना न देना कर्तव्यहीनता का गंभीर मामला माना गया है। इस संबंध में सभी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं हैं, उनके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सुनिए उपरोक्त के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनंत चंद्रशेखर का वक्तव्य




