बिहार ले जाकर वध की थी तैयारी, मुखबिर की सूचना पर करौती गेट से दबोचे गए आरोपी,
चंदौली:
जनपद के कंदवा थाना पुलिस ने गौतस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 9 गोवंश बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर गौतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को थाना कंदवा पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने करौती गेट के पास घेराबंदी कर महिंद्रा बोलेरो पिकअप (UP65PT2566) को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में कुल 9 गोवंश (7 बैल व 2 गाय) बरामद हुए, जिन्हें वध के लिए ले जाया जा रहा था। मौके से पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र राय उर्फ राजभर निवासी सर्वानंदपुर मथेला थाना बलुआ और सुदर्शन पाठक निवासी पंडितपुर मथेला थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से गोवंशों को इकट्ठा कर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे और इसी से अपना भरण-पोषण करते थे। इस संबंध में थाना कंदवा पर मु0अ0सं0 22/26 धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता अधिनियम व 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद वाहन को सीज करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव मल्ल, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, कांस्टेबल रतन चंद्र श्रीवास्तव, सविनय कुमार सिंह तथा हेड कांस्टेबल भरत सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में गौतस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




