कर्तव्यनिष्ठ आरक्षी आलोक कुमार की मौत, पुलिस महकमे में पसरा मातम
शहाबगंज/चंदौली: जनपद के शहाबगंज थाना में तैनात आरक्षी आलोक कुमार के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। आरक्षी आलोक कुमार पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे, जिनका इलाज प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज) में चल रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह दिनांक 02 अप्रैल 2026 को लगभग 06:15 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जैसे ही यह दुखद खबर शहाबगंज थाना सहित पूरे पुलिस महकमे में पहुंची, सहकर्मियों में शोक और स्तब्धता का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक आरक्षी आलोक कुमार (पीएनओ 192191744) पुत्र सुनील कुमार, मूल रूप से प्रयागराज जनपद के जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत नई सोहबतिया बाग के निवासी थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि आलोक कुमार अपने कर्तव्यों के प्रति बेहद जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। उनके साथियों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और अनुशासित व्यक्तित्व के रूप में याद किया।

पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
आरक्षी के निधन से पुलिस महकमे में एक कर्मठ और समर्पित जवान की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।




