चंदौली में पुलिस का फ्लैग मार्च: चप्पे-चप्पे पर निगरानी, संदिग्धों की हुई सख्त जांच
चंदौली: कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से चंदौली पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आकाश पटेल के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर श्री अनंत चन्द्रशेखर के कुशल पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जनपद के सभी थानों के थानाध्यक्ष एवं प्रभारी निरीक्षकों ने अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ प्रमुख बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की गहन जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी।

चेकिंग के दौरान विशेष रूप से कम उम्र के युवकों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं पर कार्रवाई की गई। साथ ही संदिग्ध चार पहिया वाहनों एवं बिना वैध कागजात के चल रहे वाहनों को चिन्हित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की गई। पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से संवाद भी स्थापित किया गया। आमजन को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा और अपराधियों में भय का माहौल देखने को मिला।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रखें, ताकि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
चंदौली पुलिस का यह अभियान न केवल अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे आमजन में भरोसा भी मजबूत हुआ है कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।




