पारिवारिक विवाद से घर छोड़कर गए थे बच्चे, गाजीपुर से बरामद, अपहरण की आशंका खारिज
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच से बच्चों का सुराग लगाते हुए उन्हें गाजीपुर जनपद से बरामद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को नवाब अली निवासी कंकड़हिया नई बस्ती ने थाना मुगलसराय में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री तथा रिश्तेदारी के दो अन्य बच्चे 13 अप्रैल को स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटे। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 169/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान बच्चों की लोकेशन गाजीपुर जनपद के कोतवाली क्षेत्र स्थित मिश्र बाजार में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कपूर नगर, मिश्र बाजार से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग बालिका अपने पिता द्वारा शराब पीकर विवाद करने और माता द्वारा मारपीट किए जाने से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी। उसके साथ घनिष्ठ संबंध होने के कारण अन्य दो बच्चे भी स्वेच्छा से उसके साथ चले गए थे।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि इस मामले में किसी प्रकार का अपहरण या बाहरी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
बरामद बच्चों को नियमानुसार बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां उनके संरक्षण और अभिरक्षा को लेकर निर्णय लिया जाएगा। बालिका ने अपने नाना के साथ रहने की इच्छा भी व्यक्त की है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया है कि अभिभावकों को कड़ी चेतावनी दी जाए और भविष्य में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित बीट पुलिस को निर्देश दिया गया है कि नियमित रूप से परिवार से संपर्क कर बच्चों की स्थिति की निगरानी की जाए।
पुलिस टीम मे
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह
उप निरीक्षक सीताराम यादव
उप निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी
महिला हेड कांस्टेबल शशि किरण राय
स्वाट एवं सर्विलांस टीम रही।




