भूसा मशीन की चिंगारी बनी आग की वजह, तेज हवा से फैली लपटें, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
शहाबगंज चंदौली। थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंदुई पखनपुरा सिवान में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में भूसा बनाने के दौरान अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों में रखे गेहूं के बोझ को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमा यादव के खेत में भूसा बनाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिर गई, जिसमें पहले से भूसा रखा हुआ था। चिंगारी गिरते ही भूसे में आग लग गई और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी।

आग की लपटें पास के खेतों तक पहुंच गईं, जहां किसान समीउल्लाह उर्फ घमंडी के लगभग दो बीघा गेहूं का बोझ जलकर राख हो गया। वहीं मूरत विश्वकर्मा के करीब पांच बिस्वा गेहूं के बोझ को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद किसानों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका।

सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के अन्य खेतों को जलने से बचा लिया गया, जिससे बड़ी क्षति टल गई।

इस अग्निकांड में किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए उचित राहत दिलाने की गुहार लगाई है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती तो आग और भी विकराल रूप ले सकती थी और कई अन्य खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।




