सड़क पर ठेला लगाकर बाधित कर रहे थे यातायात, पहले चेतावनी के बाद भी नहीं माने, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मुगलसराय चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुगलसराय थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत पहले ही व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए थे।
इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में 13 अप्रैल 2026 को थाना मुगलसराय पुलिस ने जीटी रोड स्थित मस्तलाज गली के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो व्यक्ति मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से ठेला लगाकर गन्ने का रस बेचते हुए पाए गए। पुलिस के अनुसार, दोनों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय किया जा रहा था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।पुलिस ने बताया कि पूर्व में दोनों को समझाया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने दोबारा वही कृत्य किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अशोक लाल निगम और सरफिदा, निवासी ग्राम डिग्घी, थाना व जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो ठेले (गन्ना रस मशीन सहित) और अन्य संबंधित सामग्री बरामद की है।
इस मामले में थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0-168/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 125 में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि चंदौली पुलिस केवल निर्देश देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन में भी विश्वास रखती है। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवहेलना को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, यातायात व्यवस्था को बाधित न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी समस्या या सूचना के लिए निकटतम थाना या पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।




