गांव-गांव से निकला जुलूस, अंबेडकर पार्क में एकजुट हुए सैकड़ों समर्थक
इलिया (चंदौली): संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को क्षेत्र में भव्य आयोजन किया गया। मनकपड़ा, बरहुआ, सैदूपुर,सलया , पड़रिया,पालपुर, सरैया और बसाढी गांवों के सैकड़ों समर्थकों ने एकजुट होकर विशाल जुलूस निकाला, जिसमें युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
जुलूस की शुरुआत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हुई, जो सैदूपुर, बरहुआ और गांधीनगर होते हुए कोदवरिया बेलावर स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचा। पूरे मार्ग में “जय भीम” और “बाबा साहेब अमर रहें” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों के हाथों में बाबा साहेब की तस्वीरें और नीले झंडे लहराते नजर आए, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।

अंबेडकर पार्क पहुंचने के बाद जुलूस एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गया। सभा में वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब द्वारा रचित भारतीय संविधान आज भी देश को एकता, समानता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि बाबा साहेब का “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उनके विचारों को अपनाकर ही एक समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कन्हैया राम, रामबालक, श्रीकांत, जयप्रकाश, मोहन, संतोष कुमार, प्यारे लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।




