दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध, परिजनों के विरोध के बाद सूरत भागे दोनों
चकिया। जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकिया पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाबालिग अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
मुगलसराय स्टेशन से सूरत तक की कहानी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त राजन पासवान ने बताया कि उसका नाबालिग लड़की से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते का परिजनों द्वारा विरोध किया जा रहा था, जिसके चलते वे घर छोड़कर मुगलसराय स्टेशन से सूरत चले गए। वहां दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इसी बीच परिजनों द्वारा थाना चकिया में मुकदमा दर्ज कराया गया। मुकदमे की जानकारी होने पर अभियुक्त वापस अपने घर आया, जहां पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बीएनएस व पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी पर कड़ी नजर
थाना चकिया पर दर्ज मु0अ0सं0 21/2026 में धारा 137(2)/87/64(1) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। नाबालिग से संबंधित मामला होने के कारण पुलिस द्वारा गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस टीम की तत्परता से मिली सफलता
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा
इस कार्रवाई में थाना चकिया के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक प्रेमचंद यादव एवं हेड कांस्टेबल चन्द्रशेखर सरोज की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की मुस्तैदी से न केवल अपहृता को सुरक्षित बरामद किया गया, बल्कि आरोपी को भी समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया।




