पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुई अपराध की साजिश: हिस्ट्रीशीटर चोर गिरफ्तार, अवैध हथियार व चोरी के वाहन बरामद
चन्दौली। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बलुआ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर चोर घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 1/2 मई 2026 की रात बलुआ थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि भूपौली से मथेला की ओर नहर मार्ग पर दो संदिग्ध ट्रैक्टर आ रहे हैं, जिनमें चोरी की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और राधे की मड़ई, ग्राम सोनहुला के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर में एक ट्रैक्टर ट्रॉली सहित और एक बिना ट्रॉली के आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आगे चल रहे ट्रैक्टर के चालक ने रुकने के बजाय पुलिस पर हमला करने की कोशिश की। आरोप है कि उसने ट्रैक्टर चढ़ाकर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और साथ ही जानलेवा फायरिंग भी कर दी।

अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मृत्युंजय कुशवाहा निवासी तरांव, थाना रामपुर मझवां, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर और एक ट्रॉली बरामद की है। इसके अलावा उसके पास से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर गाजीपुर, वाराणसी और जौनपुर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
इस पूरी कार्रवाई को थाना बलुआ पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अनंत भार्गव, अमित सिंह, जमीलुद्दीन खान, जितेन्द्र बहादुर सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा का वक्तव्य:




