शिक्षकों ने लोगों को स्वगणना पोर्टल के उपयोग की दी जानकारी
शहाबगंज। भारत की जनगणना 2027 के तहत शुरू किए गए स्वगणना कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को शहाबगंज ब्लॉक संसाधन केंद्र से एक जागरूकता रैली निकाली गई। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में विकास खंड शहाबगंज के दर्जनों शिक्षकों ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य आमजन को जनगणना प्रक्रिया और स्वगणना पोर्टल के प्रति जागरूक करना था।
रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां शिक्षकों ने लोगों को जनगणना के महत्व और ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी दी। शिक्षकों ने बताया कि सात मई से नागरिक स्वयं जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद पूछी गई सूचनाओं को सही-सही भरना आवश्यक होगा।

रैली के दौरान शिक्षकों ने लोगों को यह भी बताया कि स्वगणना करते समय अपने मकान की सही लोकेशन पोर्टल पर दर्ज करना बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्रवार सही आंकड़ों का संकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि बाद में प्रगणक द्वारा इन जानकारियों का सत्यापन भी किया जाएगा।

खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि जनगणना के आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी के साथ सही एवं तथ्यात्मक जानकारी दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वगणना कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस जागरूकता रैली में केशरी नंदन जायसवाल, बिजई प्रसाद, मनोज कुमार, भूपेंद्र यादव, आदर्श कुमार, संजय सिंह, विनोद कुमार सिंह, अवधेश कुमार, मेराज खान, मुसाफिर सिंह, कृष्णानंद, हरिओम पांडेय, पियूष कांत पांडेय, कृष्ण कुमार सिंह, रमेश मौर्य, विनोद सिंह, संजय सिंह, अशोक प्रजापति, मनोज दयाल सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।




